गोविंदपुरी अग्निकांड में तीन लोगों की मौत, दमकल की टीम ने पांच को बचाया

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में देर रात एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग धुएं में फंस गए। राहत-बचाव अभियान में पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, वहीं दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, 11 और 12 जून की दरम्यानी रात करीब 2:24 बजे तुगलकाबाद एक्सटेंशन स्थित इमारत में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस, दमकल विभाग की चार गाड़ियों और कैट्स एंबुलेंस ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया।

आग लगते ही पूरी इमारत धुएं से भर गई, जिससे ऊपरी मंजिलों पर रह रहे लोग फंस गए। बचाव दल ने धुएं के बीच फंसे आठ लोगों को बाहर निकालकर सफदरजंग अस्पताल और एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।

तीन की मौत, दो की हालत गंभीर

हादसे में एक 22 वर्षीय युवक और दो महिलाओं की मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि भूतल पर बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग शुरू हुई, जिसने वहां खड़े सात दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इनमें चार्जिंग पर लगा एक इलेक्ट्रिक स्कूटर भी शामिल था।

वाहनों में आग लगने के बाद तेजी से धुआं फैल गया, जिससे ऊपरी मंजिलों पर रह रहे लोग फंस गए। दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है, जबकि पुलिस और फोरेंसिक टीमें मामले की विस्तृत जांच में जुटी हैं।

सुरक्षा मानकों की जांच शुरू

पुलिस का कहना है कि इमारत में सुरक्षा मानकों, विद्युत व्यवस्था और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। हादसे के सटीक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही होगा।