"मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 5 मई को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में होंगे मुख्यअतिथि, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग ने वीसी के जरिए की प्रबंधों की समीक्षा, सशक्त नारी सशक्त समाज सशक्त राष्ट्र विषय को लेकर विश्वविद्यालय के सभागार में होगी संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी"

Kurukshetra: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वीसी प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में 5 मई को सशक्त नारी सशक्त समाज सशक्त राष्ट्र विषय पर संगोष्ठी और प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में देश, प्रदेश और कुरुक्षेत्र की उन महिलाओं की उपलब्धियों को दर्शाया जाएगा, जिन्होंने देश व समाज के लिए सराहनीय कार्य और उपलब्धियां हासिल की हैं। अहम पहलू यह है कि इस संगोष्ठी और प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे।

वीसी प्रो. सोमनाथ सचदेवा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुलपति कार्यालय के कांफ्रेंस हॉल में आयोजित अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग ने 5 मई को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में सशक्त नारी, सशक्त समाज, सशक्त राष्ट्र विश्व पर आयोजित होने वाली संगोष्ठी और प्रदर्शनी में किए जा रहे प्रबंधों की समीक्षा की और फीडबैक रिपोर्ट ली है। महानिदेशक केएम पांडुरंग ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ तमाम पुख्ता प्रबंध किए जाएं और समय रहते सभी तैयारियों को पूरा किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उन्होंने अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और सूचना जनसंपर्क और भाषा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में 5 मई को सशक्त नारी सशक्त समाज सशक्त राष्ट्र विषय पर संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दोपहर करीब 12 बजे शुभारंभ करेंगे। उसके बाद संगोष्ठी का उद्घाटन करेंगे। इस प्रदर्शनी में लगभग 50 पैनल लगाए जाएंगे। इन पैनल्स पर देश, प्रदेश और कुरुक्षेत्र की उन महिलाओं के चित्र सहित उपलब्धियों को अंकित किया जाएगा। जिन महिलाओं ने समाज के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के प्रयासों से विभिन्न गांवों में चलाए जा रहे स्किल सेंटर, सिलाई, कढ़ाई सेंटरों से लगभग 8 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा विश्वविद्यालय में चल रहे कला उत्सव में देश भर से पहुंची कलाकारों में से 8 महिला कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। इस संगोष्ठी में सशक्त नारी सशक्त समाज सशक्त राष्ट्र विषय को लेकर विश्वविद्यालय की तरफ से तैयार किए गए सोविनियर का भी विमोचन किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य ने कहा कि 5 मई को विश्व विद्यालय में आयोजित होने वाली संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी में प्रशासन की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटियां भी लगाई गई हैं। अंबाला शहीद संग्रहालय के निदेशक डा. कुलदीप सैनी ने कहा कि सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की तरफ से सशक्त नारी सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र को लेकर ब्रांडिंग का कार्य किया जाएगा।

इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वीरेंद्र पाल, डीन ऑफ कॉलेजिज डा. बृजेश साहनी, डीन एकेडमिक अफेयर डा. राकेश, डीएसडब्ल्यू डा. एएस चौधरी, डा. महासिंह पूनिया, डा. पवन, डा. सलोनी सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।