बरवाला: बरवाला की सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और अवैध पार्किंग पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में सूरजपुर ट्रैफिक एसएचओ अभिषेक के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध रूप से वाहन खड़े कर जाम की स्थिति उत्पन्न करने वाले 20 वाहन चालकों के चालान काटे गए।
एसीपी ट्रैफिक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस अब उन चालकों के खिलाफ भी कड़ा रुख अपना रही है, जो अपने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर मौके से गायब हो जाते हैं। ऐसे मामलों में पुलिस ने वाहनों के शीशों पर विशेष ‘नो-पार्किंग चालान स्टीकर’ चिपकाए, जिससे वाहन मालिकों को सूचित किया गया कि उनका ऑनलाइन चालान किया जा चुका है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कहा कि अवैध पार्किंग न केवल यातायात को बाधित करती है, बल्कि एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं के लिए भी बड़ी समस्या बनती है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और अनुशासन विकसित करना है।