जगरांव (चरणजीत सिंह चन्न): नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लुधियाना देहाती पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी, जब CIA स्टाफ की टीम ने गश्त के दौरान 264 ग्राम हेरोइन के साथ एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह कार्रवाई थाना सिटी जगरांव के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की है।
कैसे बिछाया गया जाल?
प्राप्त विवरण के अनुसार, एस.आई. गुरसेवक सिंह के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ की टीम तहसील चौक के पास चेकिंग और गश्त पर तैनात थी। इसी बीच सूचना मिली कि मोगा निवासी दो व्यक्ति, जो नशे की सप्लाई का काला कारोबार करते हैं, इलाके में भारी मात्रा में हेरोइन सप्लाई करने की फिराक में हैं।
यूं हुई गिरफ्तारी: जानकारी के मुताबिक, दविंदर सिंह (पुत्र जरनैल सिंह, निवासी तारेवाला, मोगा) और ज्योति (पत्नी मोहित, निवासी लोहोरियावाला मोहल्ला, मोगा) जी.टी. रोड स्थित 'कोठे अठ चक्क' के पास ग्राहकों के इंतजार में खड़े थे। पुलिस ने तुरंत छापेमारी करते हुए मौके पर ही दोनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 264 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिसिया कार्रवाई: "पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी जगरांव में (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाना था।"
अपराध जगत की इस बड़ी कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि पुलिस नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शने के मूड में नहीं है। पुलिस अब इनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगालने में जुटी है।