धर्मशाला: जमा दो (12वीं) के छात्रों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड 4 मई को परीक्षा परिणाम घोषित करेगा। प्रदेश भर आयोजित जमा दो की परीक्षा में इस बार 81,411 छात्र-छात्राओं ने अपनी भागीदारी दर्ज की है। बोर्ड के इस निर्णय से न केवल छात्रों बल्कि अभिभावकों ने भी राहत की सांस ली है, क्योंकि इसी परिणाम पर उच्च शिक्षा और करियर की अगली डगर टिकी है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि शिक्षा बोर्ड ने परिणाम घोषित करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड 12वीं कक्षा के सभी संकाय (आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स) का रिजल्ट 4 मई को एक साथ घोषित करने जा रहा है। इस बार 81,411 छात्रों ने अपनी किस्मत आजमाई है।
ऑनलाइन दिखेगा परिणाम, सर्वर पर नजर: बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक परीक्षा परिणाम पूरी तरह से डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होगा। छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रोल नंबर डालकर तुरंत अपना स्कोरकार्ड देख सकेंगे। परिणाम समय पर आने से उन विद्यार्थियों को सबसे अधिक लाभ होगा जो देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया और प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।
भविष्य की दिशा तय करेगा यह नतीजा: शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि 12वीं का परिणाम किसी भी विद्यार्थी के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। यह परिणाम न केवल उनकी मेहनत का आईना है, बल्कि उनके भविष्य के करियर विकल्पों को चुनने में मुख्य भूमिका निभाता है। फिलहाल, सभी की निगाहें 4 मई की सुबह पर टिकी हैं, जब प्रदेश के मेधावियों की नई सूची सामने आएगी।