जीरकपुर: गाजीपुर क्षेत्र की स्टेटस-क्वो के तहत आने वाली विवादित जमीन के साथ कथित छेड़छाड़ कर फर्जी फर्द के आधार पर रजिस्ट्री कराने के मामले में जीरकपुर पुलिस ने पटवारी जगदीश शर्मा और मधु सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। सरकारी रिकार्ड में हेराफेरी के गंभीर आरोपों के चलते मामला सुर्खियों में है।
शिकायतकर्ता जसविंदर कौर पत्नी कृपाल सिंह निवासी देसू माजरा ने आरोप लगाया कि पारिवारिक बंटवारे के बाद उसके हिस्से आई करीब 9 कनाल 9 मरले जमीन पर 17 सितंबर 2010 को डेराबस्सी अदालत द्वारा स्टेटस-क्वो के आदेश जारी किए गए थे। इसके बावजूद आरोपियों ने कथित तौर पर 15 कनाल 9 मरले की फर्जी फर्द तैयार कर ली।
आरोप है कि इस फर्द के आधार पर 2 जनवरी 2012 को पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार की गई और बाद में करीब 6 कनाल जमीन की रजिस्ट्री पटवारी की माता के नाम करवा दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार न तो उसकी सहमति ली गई और न ही कोई भुगतान किया गया।
जांच के दौरान पूर्व पटवारी जसपाल सिंह के बयान भी सामने आए हैं, जिन्होंने रजिस्ट्री के साथ लगी फर्द पर दर्ज हस्ताक्षरों को अपना मानने से इनकार किया। उनका कहना है कि हस्ताक्षर स्कैन कर अन्य दस्तावेजों से इस्तेमाल किए गए हैं। इससे मामले में फर्जीवाड़े के आरोप और गहरे हो गए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उक्त रजिस्ट्री के आधार पर इंतकाल दर्ज कराने की कोशिश की गई थी, जिसे तहसीलदार ने जांच के बाद नामंजूर कर दिया।
दूसरी ओर, आरोपियों ने लगाए गए आरोपों को नकारते हुए पुराने समझौतों का हवाला दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।