"नगर कौंसिल की लापरवाही पर सवाल, शिकायतों के बावजूद अवैध निर्माण जा"

डेराबस्सी: डेराबस्सी के गांव मीरपुर मुबारकपुर में कथित अवैध निर्माण को लेकर लंबे समय से चल रही शिकायतों की अनदेखी आखिरकार हिंसा में बदल गई। बार एसोसिएशन के एग्जीक्यूटिव सदस्य एडवोकेट हरप्रीत सिंह सैणी और उनके पिता पर पड़ोसियों द्वारा हमला किए जाने के बाद दोनों को घायल अवस्था में डेराबस्सी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जिस जगह को लेकर विवाद हुआ, वहां बिना नगर कौंसिल की अनुमति के निर्माण कार्य किया जा रहा था। इस संबंध में कई बार शिकायतें भी दी गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि इसी लापरवाही के चलते विवाद बढ़ा और आरोपियों ने हमला कर दिया।

घटना के बाद वकील समुदाय में रोष फैल गया। बार एसोसिएशन के प्रधान विक्रमजीत सिंह दप्पर अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने इकट्ठा होकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
बार एसोसिएशन ने साफ कहा कि अगर समय रहते नगर कौंसिल कार्रवाई करती, तो यह घटना नहीं होती। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की मांग की है।

पुलिस का पक्ष: मुबारकपुर चौकी इंचार्ज कुलवंत सिंह के अनुसार, शिकायत प्राप्त हो चुकी है और बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मांगें तेज: वकील समुदाय ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग दोहराते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो संघर्ष तेज किया जाएगा।