जीरकपुर: रविवार सुबह अचानक मौसम खराब होने के दौरान आई तेज आंधी और बारिश में अंबाला-जीरकपुर हाईवे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज हवाओं के कारण एक बहुमंजिला इमारत की टॉप फ्लोर पर लगाया गया फाइबर शेड उखड़कर उड़ गया और हाईवे किनारे खड़ी एक टैक्सी पर जा गिरा।
इस घटना में टैक्सी को हल्का नुकसान पहुंचा, जबकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के समय सड़क पर यातायात कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया, वरना स्थिति गंभीर हो सकती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा के झोंकों के साथ ही फाइबर शीट अचानक उखड़कर नीचे गिरी। आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जीरकपुर क्षेत्र में कई होटलों और इमारतों की छतों पर बिना सुरक्षा मानकों के फाइबर शीट लगाकर शेड बनाए गए हैं। तेज हवाओं के दौरान ये शीट्स कभी भी उड़कर दुर्घटना का कारण बन सकती हैं, लेकिन इस ओर प्रशासन द्वारा कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे असुरक्षित निर्माणों की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।