"पंजाब की राजनीति में OBC फैक्टर, सैनी का बड़ा बयान"

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रूपनगर में आयोजित ओबीसी समाज सम्मेलन को संबोधित करते हुए पंजाब के पिछड़ा वर्ग से एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि ओबीसी समाज संगठित हो जाए, तो आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता।

सैनी ने आरोप लगाया कि पंजाब की पूर्व सरकारों ने ओबीसी समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया और उसे उसका अधिकार नहीं दिया। उन्होंने वर्तमान राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया, जिससे लोगों में निराशा है।

उन्होंने भगवंत सिंह मान से सवाल किया कि आम आदमी पार्टी ने अपने चुनावी वादों में से कितने पूरे किए हैं। साथ ही मजदूर दिवस पर बुलाए गए विशेष सत्र को लेकर भी उन्होंने सरकार की आलोचना की।

सैनी ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ओबीसी वर्ग के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया और शिक्षा में 27% आरक्षण सुनिश्चित किया।

उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज अब जागरूक और संगठित हो रहा है, जो आने वाले समय में बड़े सामाजिक और राजनीतिक परिवर्तन की नींव बनेगा। सम्मेलन में कई वरिष्ठ भाजपा नेता भी मौजूद रहे।