मोहाली (अजीत झा.): मोहाली के सेक्टर-62 स्थित चौक को मशहूर पंजाबी अभिनेता और कॉमेडियन जसविंदर सिंह भल्ला के नाम समर्पित किया गया। उनके जन्मदिवस पर आयोजित इस विशेष समारोह में कला जगत से जुड़ी कई हस्तियां शामिल हुईं और उन्हें याद करते हुए श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर उनके सुपुत्र पुखराज भल्ला, पंजाबी गायक शेरी मान और मशहूर कॉमेडियन गुरप्रीत सिंह घुग्गी सहित अन्य कलाकार मौजूद रहे। सभी ने भल्ला के साथ बिताए पलों को साझा करते हुए उनके योगदान को याद किया।
जसविंदर भल्ला चौंक का उद्घाटन मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि जसविंदर भल्ला ने अपनी अनूठी कॉमेडी से समाज को हँसी के साथ-साथ संदेश भी दिया और उनकी विरासत हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगी।
इसके बाद सेक्टर-62 स्थित पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड के ऑडिटोरियम में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां उनके जीवन और करियर पर चर्चा की गई और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
इस दौरान उनके सुपुत्र पुखराज भल्ला भावुक नजर आए। उन्होंने कहा “पापा आज हमारे बीच भले ही शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनकी हँसी, उनके विचार और उनका सिखाया हर सबक हमेशा हमारे साथ है। उन्होंने लोगों को हँसाने के साथ-साथ जिंदगी को सकारात्मक तरीके से जीना सिखाया।
कार्यक्रम के दौरान भल्ला के प्रसिद्ध हास्य किरदारों और सामाजिक संदेशों को याद करते हुए माहौल भावुक भी रहा और हँसी से भरपूर भी।