नई दिल्ली: नई दिल्ली नगरपालिका परिषद क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। साथ ही स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनी गईं और कई मुद्दों पर मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए गए।
यह अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य लोगों को अपनी मां के नाम पर पेड़ लगाकर पर्यावरण की रक्षा के लिए प्रेरित करना है।
आज का कार्यक्रम विशेष रहा क्योंकि इसमें केवल वृक्षारोपण ही नहीं हुआ, बल्कि नागरिकों की समस्याएं भी मौके पर ही सुनी गईं।
चहल ने निवासियों और आरडब्ल्यूए के सदस्यों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा। इस अवसर पर सिविल, बिजली, रोड, सीवरेज, उद्यान विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में निवासियों ने भाग लिया और पौधे लगाकर उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी ली।
इस अवसर पर कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम केवल वृक्षारोपण का अभियान नहीं है, बल्कि यह एक भावनात्मक और सामाजिक जिम्मेदारी का आंदोलन है। जब हम पेड़ लगाते हैं, तो हम अपने भविष्य को सुरक्षित करते हैं।
उन्होंने बताया कि एनडीएमसी ने वर्षभर का एक ‘हरित कैलेंडर’ तैयार किया है, जिसके तहत प्रत्येक रविवार विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण किया जाएगा। उद्यान, स्वास्थ्य, सिविल और स्वच्छता विभाग मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि पौधों की समुचित देखभाल हो और वे स्वस्थ रूप से विकसित हों।
कार्यक्रम के दौरान निवासियों ने परिसर से संबंधित कई नागरिक समस्याएं भी उठाईं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चहल ने सिविल और विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का समाधान निर्धारित समय-सीमा में किया जाए।
इस कार्यक्रम में न केवल वृक्षारोपण किया गया, बल्कि मौके पर ही नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान के निर्देश भी विभागाध्यक्षों को दिए गए।
चहल ने कहा कि एनडीएमडी के ये प्रयास “विकसित भारत @2047” के संकल्प के अनुरूप हैं, जिसमें स्वच्छ पर्यावरण, बेहतर सुविधाएं और जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।