"युवाओं को नशे से दूर रखने की पहल, विधायक रंधावा ने किया स्टेडियम उद्घाटन"

लालड़ू: लालड़ू के नजदीकी गांव बड़ाना में सोमवार को ₹18.61 लाख की लागत से तैयार किए गए आधुनिक खेल स्टेडियम का उद्घाटन किया गया। यह उद्घाटन डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा द्वारा किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, पंचायत प्रतिनिधि और युवा मौजूद रहे।

यह प्रोजेक्ट पंजाब सरकार के खेल एवं युवा सेवाएं विभाग तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग के तहत राज्यभर में बनाए जा रहे 3100 खेल मैदानों के पहले चरण का हिस्सा है। इस पहल को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और कैबिनेट मंत्री तरनप्रीत सिंह सोंद के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाया जा रहा है।

स्टेडियम में युवाओं और ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं। इनमें टॉयलेट ब्लॉक, फुट लाइट, झूले, स्प्रिंकलर सिस्टम, कंक्रीट बेंच, मुख्य गेट, हाई मास्ट लाइट, फुटबॉल ग्राउंड और सुंदर पौधारोपण शामिल हैं। इन सुविधाओं से गांव के युवाओं को बेहतर खेल वातावरण मिलेगा और वे खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले सकेंगे।

इस अवसर पर विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि यह खेल स्टेडियम युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा और उन्हें खेलों की ओर प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रोजेक्ट गांवों में सकारात्मक और स्वस्थ माहौल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य गांव स्तर पर खेलों को बढ़ावा देना है, ताकि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर उनकी ऊर्जा को सही दिशा में लगाया जा सके।

इस मौके पर सरपंच सतविंदर सिंह, पंचायत सदस्य, आसपास के गांवों के सरपंच-पंच, पार्टी के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल के लिए पंजाब सरकार का आभार जताया और उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।