"सैणी की अगुवाई में भाजपा समर्थकों ने मनाया विजय उत्सव"

जीरकपुर: पश्चिम बंगाल, असम सहित अन्य राज्यों में भारतीय जनता पार्टी को मिले बड़े बहुमत और बढ़े वोट प्रतिशत की खुशी का असर डेराबस्सी हलके में भी देखने को मिला। सोमवार को जीरकपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया।

डेराबस्सी हलके के वरिष्ठ भाजपा नेता गुरदर्शन सिंह सैणी की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ता जीरकपुर में एकत्रित हुए। जैसे ही चुनाव परिणामों में भाजपा की जीत स्पष्ट हुई, कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। ढोल की थाप पर कार्यकर्ताओं ने भंगड़ा कर खुशी का इजहार किया और एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाया। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई।

इस मौके पर गुरदर्शन सिंह सैणी ने कहा कि यह जीत देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनहितकारी नीतियों और विकास के एजेंडे की जीत है। उन्होंने कहा कि जनता ने विरोधी दलों के भ्रामक प्रचार को नकारते हुए भाजपा पर अपना भरोसा जताया है।

सैणी ने कहा कि इस जीत का प्रभाव पंजाब की राजनीति पर भी पड़ेगा और आने वाले समय में राज्य में भाजपा की स्थिति और मजबूत होगी। उन्होंने दावा किया कि डेराबस्सी हलके के लोग अब पारंपरिक पार्टियों से ऊब चुके हैं और विकास के लिए भाजपा की ओर देख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस जीत ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है और कार्यकर्ता अब और अधिक मजबूती के साथ पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में जुटेंगे।

इस अवसर पर जिला ओबीसी मोर्चा प्रधान हरप्रीत सिंह सैणी, हरदीप सिंह, पुष्पिंदर मेहता, मिंटा, नेहा शर्मा, गुरमीत टिवाणा, मंडल प्रधान बांसल, मनी, प्रदीप, अनुज अग्रवाल, सुधीर बत्तरा, आरके शर्मा, जेपी पराशर, अनिल शर्मा, विजय गोयल, सुनील बिग, प्रदीपपाल अमलाला, रिंकू जनैतपुर, भरतवाज, बलविंदर सिंह समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।