"बिना नक्शे हो रहा निर्माण रोका, नाभा में प्रशासन की कार्रवाई"

जीरकपुर: जीरकपुर के गांव नाभा में नगर परिषद ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिना नक्शा पास करवाए बनाई जा रही चारदीवारी को तोड़कर गिरा दिया और निर्माण कार्य को तुरंत प्रभाव से रुकवा दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने अपनी जमीन पर गोदाम बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद से नक्शा पास करवाए बिना ही चारदीवारी खड़ी कर दी थी। मामले की शिकायत मिलने पर नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और निर्माणाधीन दीवार को गिरा दिया। इस दौरान अधिकारियों ने जमीन मालिक को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में बिना अनुमति कोई निर्माण कार्य किया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि जीरकपुर में अक्सर लोग सरकारी छुट्टियों के दौरान अवैध निर्माण को अंजाम देते हैं और रातोंरात ढांचे खड़े कर लेते हैं। इससे नगर परिषद को नक्शा फीस के रूप में करोड़ों रुपये का नुकसान होता है।
सूत्रों के अनुसार, पटियाला रोड स्थित गांव नाभा की जमीन की कीमत करोड़ों में है और यहां की लोकेशन बेहतर होने के कारण कई नामी कंपनियां गोदाम बनाकर स्टॉक रखने में रुचि दिखाती हैं। इसी कारण स्थानीय लोग भी अपनी जमीनों पर लोहे के शेड लगाकर गोदाम तैयार कर किराये पर देकर मोटी कमाई कर रहे हैं। हालांकि कई मामलों में नक्शा पास न करवाने के कारण सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है।

मामले में नगर परिषद को शनिवार को शिकायत मिली थी कि मिस्ट होम सोसाइटी से सटी जमीन पर बिना अनुमति गोदाम निर्माण शुरू कर दिया गया है। शिकायत के बाद इंस्पेक्टर अजय बराड़ की टीम मौके पर पहुंची और चारदीवारी को तोड़ दिया। साथ ही जमीन मालिक से लिखित में आश्वासन लिया गया कि भविष्य में किसी भी निर्माण से पहले आवश्यक अनुमति ली जाएगी।

वहीं, पास की सोसाइटी के निवासियों ने भी गोदाम निर्माण का विरोध किया। उनका कहना है कि यदि यहां गोदाम बनता है तो उनके घरों में हवा और रोशनी का प्रवाह प्रभावित होगा, जिससे रहने में दिक्कतें आएंगी।