"दुकान में सेंधमारी, कूलर के सहारे घुसकर चोर ने की बड़ी चोरी"

जीरकपुर: जीरकपुर के बलटाना इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में डर और नाराज़गी का माहौल है। ताजा मामला पीटीसी बजट बाजार स्थित एक दुकान से सामने आया है, जहां अज्ञात चोर ने बड़ी ही चालाकी से वारदात को अंजाम दिया।

दुकान मालिक के अनुसार, चोर ने दुकान के बाहर लगे कूलर का सहारा लेकर पहली मंजिल तक पहुंच बनाई। इसके बाद वह खिड़की के जरिए बाथरूम में घुसा और अंदर से ग्राउंड फ्लोर तक पहुंच गया। मौके का फायदा उठाते हुए उसने दुकान में रखी करीब 50 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली और फरार हो गया।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह दुकान मालिक रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचा। अंदर का सामान बिखरा देखकर उसे चोरी का अंदेशा हुआ। जांच करने पर नकदी गायब मिली, जिसके बाद आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी गई।

चोरी की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बलटाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद पुलिस की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही सख्त कदम नहीं उठाए गए तो चोरों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं।
वहीं, बलटाना चौकी प्रभारी हरजिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें इस घटना की सूचना मिली है, लेकिन अभी तक दुकान मालिक की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।