"बलटाना फर्नीचर मार्केट में हादसा, बिजली व्यवस्था प्रभावित"

जीरकपुर: जीरकपुर के बलटाना स्थित फर्नीचर मार्केट में देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार खंभे से टकराने के बाद पास के एक शोरूम के बाहर बनी सीढ़ियों से जा भिड़ी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार (नंबर PB70J 2664) तेज रफ्तार में थी और अचानक सड़क के एक किनारे से दूसरे किनारे की ओर मुड़ गई। इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर के समय कार के एयरबैग खुल गए, जिससे चालक की जान बच गई, हालांकि वह घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि कार में केवल एक ही व्यक्ति सवार था। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को वाहन से बाहर निकाला और उसे नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कंडक्टर साइड का दरवाजा भी बुरी तरह टूट गया। टक्कर की वजह से बिजली का खंभा भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे बलटाना क्षेत्र के कई हिस्सों में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बलटाना चौकी इंचार्ज हरजिंदर सिंह ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।