जीरकपुर: अंबाला-चंडीगढ़ फ्लाईओवर के नीचे स्थित सिंघपुरा चौक पर पिछले करीब 20 दिनों से ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल इस स्थान पर ट्रैफिक लाइटें बंद होने के कारण रोजाना हजारों वाहन चालक जाम में फंस रहे हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह चौक पटियाला चौक के बाद शहर का दूसरा सबसे व्यस्त चौराहा माना जाता है। यहां से हर दिन हरियाणा और पंजाब रोडवेज की बसों के अलावा ट्रक, निजी वाहन, ऑटो और दोपहिया वाहन बड़ी संख्या में गुजरते हैं। चंडीगढ़ से दिल्ली को जोड़ने वाले इस प्रमुख मार्ग पर बाहरी राज्यों से आने-जाने वाले वाहनों की भी भारी आवाजाही रहती है, जिससे यातायात का दबाव लगातार बना रहता है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पिछले 20 दिनों से ट्रैफिक लाइटें पूरी तरह बंद पड़ी हैं। इससे पहले भी लाइटें नियमित रूप से काम नहीं कर रही थीं—कभी एक दिन चलतीं तो दो दिन बंद रहती थीं। इस लापरवाही के कारण चौराहे पर अव्यवस्था बनी रहती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
लोगों का आरोप है कि नगर परिषद को कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। वहीं, ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी भी बेहद कम है, जिसके कारण रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों की संख्या बढ़ गई है और जाम की स्थिति और बिगड़ रही है।
पूर्व वार्ड पार्षद नेहा शर्मा ने कहा कि नगर परिषद आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने बताया कि आए दिन यहां छोटे-मोटे हादसे होते रहते हैं। हाल ही में स्कूटी सवार दो महिलाएं बाइक से टकराकर घायल हो गईं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
ढकोली निवासी कुलभूषण शर्मा ने भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ट्रैफिक पुलिस की तैनाती नहीं होने से हालात और खराब हो रहे हैं। ऑटो चालक रमेश कुमार और टैक्सी चालक संदीप ने भी शहर में बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर नाराजगी जताई।
सड़क पर गड्ढे और ड्रम बने खतरा: सिंघपुरा चौक पर बीच सड़क में खुदाई होने के कारण गहरे गड्ढे बन गए हैं। हादसों की रोकथाम के लिए लगाए गए नीले ड्रम और सीमेंट के सरदल ही अब दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। फ्लाईओवर के नीचे रखी ये बाधाएं जाम को और बढ़ा रही हैं।
अधिकारियों का आश्वासन: नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी परविंदर सिंह भट्टी ने कहा कि सिंघपुरा चौक की ट्रैफिक लाइटों को जल्द ठीक कर चालू कर दिया जाएगा, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके।