जयपुर: राजस्थान पुलिस के जवानों को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। विभाग की ओर से करीब 5 लाख ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) पैकेट्स वितरित किए जाएंगे।
गर्मी के मौसम में ड्यूटी के दौरान डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए यह पहल की गई है, ताकि जवानों का स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके।
पूरे अभियान की कमान डीआईजी प्रशिक्षण शरद चौधरी के नेतृत्व में संभाली गई है। उनके मार्गदर्शन में यह राहत सामग्री राज्य के 12 पुलिस ट्रेनिंग सेंटरों तथा राजस्थान से बाहर संचालित 4 प्रशिक्षण केंद्रों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही रेंज आईजी के माध्यम से हर कांस्टेबल तक इसकी प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
डीआईजी चौधरी ने बताया कियोजना के तहत प्रत्येक जवान को 10-10 ओआरएस पैकेट्स दिए जाएंगे, ताकि भीषण गर्मी में लंबी ड्यूटी के दौरान वे खुद को हाइड्रेट और सुरक्षित रख सकें। विशेष रूप से यातायात, कानून-व्यवस्था, गश्त और सार्वजनिक ड्यूटी में तैनात जवानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
डीआईजी चौधरी ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत हो चुकी है। सोमवार को पहली खेप के रूप में 90 हजार ओआरएस से भरे पैकेट्स का ट्रक राजस्थान पुलिस अकादमी में पहुंचा। इनमें से पैकेट्स को उतारते हुए प्रशिक्षण केन्द्रों तक पहुंचाया जा रहा है। इन पैकेट्स के वितरण की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। मंगलवार को दूसरी खेप में भी 90 हजार पैकेट्स आने की संभावना है, जबकि अगले 5 से 7 दिनों में अतिरिक्त सप्लाई भी प्राप्त होगी।
डीआईजी चौधरी ने बताया कि जब प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, ऐसे में पुलिस मुख्यालय की यह पहल न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कदम है, बल्कि ड्यूटी पर डटे जवानों के लिए सचमुच राहत की ठंडी फुहार बनकर सामने आई है।