"डॉ. मोनिका पंत का सख्त संदेश, अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं"

नई दिल्ली: डॉ. मोनिका पंत ने कालकाजी क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और इन्हें हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे क्षेत्र में नियमित निगरानी रखें और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।

डॉ मोनिका पंत ने मां आनंदमयी मुख्य मार्ग पर रेहड़ी पटरी वालो द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण एवं फुटपाथ पर फैली गंदगी पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण और अवैध निर्माण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने उप महापौर के समक्ष साफ-सफाई, सार्वजनिक सुविधाओं, रखरखाव एवं अन्य स्थानीय मुद्दों से जुड़ी अपनी समस्याएं रखीं।

स्थानीय लोगों ने पार्कों एवं उसके आसपास कुछ लोगों द्वारा अवैध सी एंड डी कचरे डाले जाने एवं रेहड़ी पटरी वालो के अतिक्रमण की समस्या से अवगत कराया।

मामले का संज्ञान लेते हुए उपमहापौर ने सी एंड डी वेस्ट के नियमित निपटान के निर्देश दिए। साथ ही, अवैध डंपिंग करने वालों एवं अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

उप महापौर ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए दिल्ली नगर निगम दिल्ली के नागरिकों को उत्कृष्ट सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में सार्थक प्रयास कर रहा है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पार्कों और आसपास के क्षेत्रों की नियमित साफ सफाई के लिए निगम का सहयोग करें।

इस अवसर पर मध्य क्षेत्र चेयरमैन योगिता सिंह, स्थानीय मंडलाध्यक्ष, उपायुक्त मध्य क्षेत्र शाश्वत सौरभ एवं निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।