"बिना नंबर प्लेट बाइक सवार पर गिरी गाज, भारी चालान काटा गया"

बरवाला: पंचकूला पुलिस द्वारा ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ लगातार चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

इसी कड़ी में आज बरवाला में सूरजपुर ट्रैफिक एसएचओ अभिषेक की अगुवाई में पुलिस टीम द्वारा चैकिंग के दौरान एक युवक की स्पलेंडर मोटरसाइकिल को रोका गया। जांच के दौरान पाया गया कि बाइक पर अंग्रेजी में “Defaulter” लिखा हुआ था, जो नियमों के विरुद्ध होने के साथ-साथ समाज में गलत संदेश भी प्रसारित करता है। इसके अलावा चालक के पास न तो कोई वैध दस्तावेज मौजूद थे और न ही बाइक पर नंबर प्लेट लगी हुई थी।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित चालक के खिलाफ 23,500 का चालान किया और मोटरसाइकिल को जब्त कर बरवाला चौकी में खड़ा कर दिया।

इस मौके पर डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने युवाओं को सख्त संदेश देते हुए कहा कि वाहनों पर इस प्रकार के भड़काऊ या अनुचित शब्द लिखवाना कोई बहादुरी या स्टाइल नहीं है, बल्कि यह कानून का उल्लंघन है और समाज में नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने जोश और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं और जिम्मेदार नागरिक बनें। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें, उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें और यह सुनिश्चित करें कि वे वाहन चलाते समय सभी नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या दुर्घटना से बचा जा सके।

पंचकूला पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, नंबर प्लेट नियमों के अनुसार लगवाएं और यातायात नियमों का पालन करें, जिससे सुरक्षित और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था कायम रखी जा सके।