पंचकूला: नगर निगम चुनावों के बीच पंचकूला पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 3 देशी कट्टे और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने इंस्पेक्टर दलीप सिंह के नेतृत्व में 2 मई को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी अजय शर्मा उर्फ टीनू (21) को रायपुररानी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। वह गांव बागवाला रोड पर हथियारों की सप्लाई देने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को काबू किया गया। तलाशी लेने पर उसके बैग से अवैध हथियार बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ रायपुररानी थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज के निर्देश पर चुनाव के मद्देनजर सीमाओं पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि अवैध हथियारों की तस्करी को रोका जा सके।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद हथियार अंतरराज्यीय नेटवर्क का हिस्सा हैं। आरोपी को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। उसने उत्तर प्रदेश के एक अन्य सप्लायर का नाम भी बताया है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
डीसीपी अमरिंदर सिंह ने कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की हिंसा या अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं और लोग निडर होकर मतदान करें। पुलिस जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।