"52 बोतल अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, चुनावी माहौल में सख्ती"

पंचकूला: नगर निगम चुनावों से पहले पंचकूला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अंग्रेजी ब्रांड की 52 बोतल शराब बरामद की है, जिसे बिना परमिट ले जाया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, 4 मई को एमडीसी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि माता मनसा देवी सिंह द्वार के पास एक व्यक्ति काले रंग की एक्सयूवी-700 में अवैध शराब लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन को घेर लिया।

पुलिस को देखकर वाहन में बैठा व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान विनीत कुमार, निवासी एमडीसी पंचकूला के रूप में हुई।

वाहन की तलाशी लेने पर डिग्गी से 8 पेटियों में कुल 52 बोतल विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब पुलिस ने आरोपी से शराब के संबंध में लाइसेंस या परमिट मांगा, तो वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एमडीसी थाना में हरियाणा आबकारी (संशोधन) अधिनियम की धारा 61(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि चुनावों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।