चंडीगढ़ : हरियाणा में लगातार बारिश को देखते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने जलभराव और जल निकासी को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बारिश के दौरान वे मुख्यालय न छोड़ें और अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करें।
बैठक में मंत्री ने कहा कि सुपर सकर मशीन, जेटिंग मशीन, पाइप, मोटर और अन्य जरूरी मशीनरी पूरी तरह तैयार रखी जाए, ताकि जलभराव की स्थिति सामने आते ही तत्काल कार्रवाई हो सके।
पुराने और खराब वाटर टैंकों को लेकर भी मंत्री ने सर्किल वाइज डाटा और एस्टीमेट तुरंत मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टैंकों के अपग्रेडेशन का काम जल्द शुरू किया जाए, ताकि लोगों को बेहतर और स्वच्छ पेयजल मिल सके।
मंत्री ने सड़कों की तर्ज पर जन स्वास्थ्य विभाग को भी इंफ्रास्ट्रक्चर की लाइफ-साइकिल प्लानिंग तैयार करने को कहा। उनका कहना था कि किसी व्यवस्था के खराब होने का इंतजार करने के बजाय उसकी लाइफ स्पैन पूरी होने से पहले ही मरम्मत, रखरखाव या बदलाव की योजना तैयार होनी चाहिए।
बैठक में जल संरक्षण, रिचार्ज बोरवेल, पानी के पुनः उपयोग और वाटर वर्क्स की नियमित सफाई पर भी जोर दिया गया।