"मीडिया कर्मी बताकर दुकान में घुसा आरोपी, पैसे मांगने और कपड़े फाड़ने के भी आरोप"

जीरकपुर: बलटाना क्षेत्र में एक दुकानदार के साथ मारपीट, गाली-गलौच और जबरन वसूली के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की पहचान विक्रम धवन के रूप में हुई है।

पुलिस को दी शिकायत में रवि नायर निवासी मकान नंबर-80, गोबिंद विहार बलटाना ने बताया कि उसने सैणी डेयरी के पास एक दुकान खरीदी थी, जहां मरम्मत और प्लास्टर का काम चल रहा था। 4 मई की सुबह करीब साढ़े 9 से 10 बजे के बीच विक्रम पवन निवासी गिल कॉलोनी, पीर बाबा रोड बलटाना वहां पहुंचा और मजदूरों को काम बंद करने के लिए कहने लगा।

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी खुद को मीडिया से जुड़ा बताकर दुकान के अंदर घुस गया और फोटो खींचने लगा। जब रवि नायर ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने गाली-गलौच शुरू कर दी और कथित तौर पर उसके साथ हाथापाई की। इस दौरान आरोपी ने उसकी टी-शर्ट पकड़कर फाड़ दी।

रवि नायर ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी उससे निर्माण कार्य की अनुमति के नाम पर दो लाख रुपये की मांग कर चुका था। उसने बताया कि आरोपी को 15 हजार रुपये पहले ही दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार दबाव बना रहा था।

पुलिस पोस्ट बलटाना के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह ने बताया कि शिकायत की जांच के दौरान मारपीट, काम में बाधा डालने, जबरन घुसने और धमकी देने के आरोप प्राथमिक तौर पर सही पाए गए हैं। इस आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 332(C), 126(2), 115(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि जबरन वसूली के आरोपों की जांच जारी है। मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों और मजिस्ट्रेट को भेज दी गई है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।