पानीपत (निर्मल सिंह): पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में जिला पुलिस की साइबर सेल टीम ने गुम हुए मोबाइल फोन का सर्च अभियान चलाकर लोगों के लाखों रूपए कीमत के गुम हुए 41 मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने मंगलवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में मोबाइल के मालिकों को बुलाकर उन्हें उनका मोबाइल फोन सौंपा। गुम हुए मोबाइल फोन को पाकर वारसान के चेहरों पर मुस्कान छा गई और सभी ने पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया कि लोगों ने गुम हुए अपने मोबाइल फोन की शिकायत हर समय पोर्टल व साइबर सेल में की हुई थी। पानीपत साइबर सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर हिमांशु की टीम ने गुम हुए मोबाइल फोन ट्रेस करने की लगातार कोशिशें की और 41 मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद करने में सफलता हासिल की। बरामद मोबाइल अलग अलग कंपनी के है, इनमें 10 हजार से लेकर 85 हजार रूपए तक के मोबाइल शामिल है। इनकी कुल कीमत 10 लाख रूपए से अधिक बताई गई है। मोबाइल के वारसानों को आज जिला पुलिस के सभागार में बुलाकर उन्हें उनका गुम हुआ मोबाइल फोन सौंप दिए गए है।
पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि पुलिस लोगों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए सदेव तत्पर है।