"मालीवाल ने उठाए कानून-व्यवस्था पर मुद्दे, प्रशासन पर निशाना"

नई दिल्ली: स्वाती मालीवाल ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है।

मालीवाल ने सरकार से मांग की कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

स्वाती मालीवाल ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि पंजाब में एक ही दिन में दो संवेदनशील स्थानों पर धमाके हुए हैं। पिछले सप्ताह एक रेल ट्रैक पर भी विस्फोट की घटना सामने आई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में दिनदहाड़े गोलियां चलने की घटनाएं हो रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आती है।

सांसद ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे गंभीर हालात के बावजूद मुख्यमंत्री विधायकों को बड़ी संख्या में बसों और गाड़ियों में भरकर दिल्ली लेकर आए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति से अकेले मुलाकात की, जबकि अन्य विधायकों को अपने नाम की तख्ती पकड़ाकर बाहर धूप में खड़ा कर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब विधानसभा में जहां कानून-व्यवस्था पर चर्चा होनी चाहिए, वहां मुख्यमंत्री भगवत मान कथित रूप से शराब पीकर आते हैं और बहकी बहकी बातें करते हैं।

भाजपा सांसद स्वाती मालीवाल ने अंत में सवाल उठाया कि आखिर राज्य की स्थिति को इस तरह क्यों बिगड़ने दिया जा रहा है और सरकार इस पर क्या कदम उठा रही है।