नई दिल्ली: दिल्ली उपराज्यपाल और दिल्ली मुख्यमंत्री ने एसजीजीएससीसी के 42वें वार्षिक समारोह में शिरकत की। कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने छात्रों को संबोधित किया और शिक्षा, अनुशासन तथा कौशल विकास के महत्व पर जोर दिया।
इस अवसर पर कॉलेज की उपलब्धियों को भी सराहा गया और छात्रों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उपराज्यपाल ने एआई और ज्ञान-आधारित परिवर्तन के इस युग में छात्रों से गुरुबानी के ज्ञान का अनुसरण करने का आग्रह किया। उन्होंने छात्रों से ज्ञान की खोज करना, उद्यमशीलता की भावना को पोषित करना और विभिन्न क्षेत्रों में स्टार्टअप स्थापित करने के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने को कहा।
उपराज्यपाल ने कहा कि जब किसी संस्थान का संकल्प राष्ट्र के साथ जुड़ा होता है, तो उसकी उपलब्धियां राष्ट्र की उपलब्धियां बन जाती हैं।
मुख्यमंत्री ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर करते हुए कहा कि यह सम्मान छात्रों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास का सशक्त प्रमाण है। यह संस्थान अपनी उत्कृष्ट परंपरा के माध्यम से युवाओं में केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि राष्ट्रनिर्माण की भावना भी विकसित कर रहा है। उन्होंने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य कामना की।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि कॉलेज का यह वार्षिक दिन विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए वैसा ही महत्व रखता है, जैसा एक किसान के लिए वैसाखी का पर्व। यह संस्थान सालों से बच्चों के भविष्य को संवारने का बेहतरीन काम कर रहा है।