पंचकूला: आगामी 10 मई को होने वाले पंचकूला नगर निगम चुनाव को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद और अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह से निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के संकल्प के साथ पुलिस ने अपनी कमर कस ली है। इसी कड़ी में आज शहर के विभिन्न क्षेत्रों में थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम जनता के मन में सुरक्षा का भाव पैदा करना और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों को यह स्पष्ट संदेश देना था कि पुलिस की नजर हर गतिविधि पर है।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के लिए पंचकूला पुलिस ने इंटर-स्टेट नाकों और शहर के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर चौकसी बढ़ा दी है। चेकिंग पॉइंट्स पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अवैध सामग्री या चुनाव को प्रभावित करने वाली वस्तुओं के आवागमन को रोका जा सके। पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कड़े शब्दों में हिदायत दी है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान बाधा डालने वाले या आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को चिन्हित किया जा रहा है और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने नागरिकों से इस लोकतांत्रिक महापर्व को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान न दें। डीसीपी ने जोर देकर कहा कि सजग नागरिक ही सुरक्षित समाज की नींव हैं अतः यदि किसी भी व्यक्ति को कोई संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति नजर आता है, तो वे बिना देरी किए पुलिस के इमरजेंसी नंबर डायल 112 पर सूचना दें।