डेराबस्सी: नजदीकी गांव भांखरपुर में पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब गुस्से में आए पिता-पुत्र ने एक व्यक्ति पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति की अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई। मृतक की पहचान तरसेम सिंह पुत्र पाल सिंह निवासी भांखरपुर के रूप में हुई है, जो निजी नौकरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
जानकारी के अनुसार, तरसेम सिंह बुधवार को गांव के बस स्टैंड के पास अपनी मोटरसाइकिल की सर्विस करवाने गया हुआ था। इसी दौरान गांव के ही मोनी और उसके बेटे के साथ उसका पुराना विवाद और पैसों के लेनदेन को लेकर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस अचानक बढ़ गई और गुस्से में आकर आरोपियों ने चाकू निकालकर तरसेम सिंह पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उसके सीने पर 5 से 6 बार चाकू से वार किए, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग इकट्ठा हो गए। हैरानी की बात यह भी सामने आई है कि घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस का नाका लगा हुआ था, बावजूद इसके आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
परिजनों ने आरोप लगाया कि घायल तरसेम सिंह को तुरंत अस्पताल नहीं ले जाया गया और वह करीब 10 मिनट तक मौके पर ही पड़ा रहा। बाद में गांववासियों और पुलिस की मदद से उसे डेराबस्सी के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे भवनप्रीत ने बताया कि उसके पिता का आरोपियों के साथ पहले से ही विवाद चल रहा था, जो इस घटना का कारण बना। उसने आरोप लगाया कि यदि समय रहते इलाज मिल जाता तो शायद उसके पिता की जान बच सकती थी।
घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों में इस वारदात को लेकर रोष है और उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही, मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।
कैप्शन:
मछली के बाहर लगी परिजनों की भीड़ का दृश्य
मर्डर के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और लोगों का दृश्य
मृत्यु तरसेम का बेटा भवनप्रीत जानकारी देते हुए
मृत्यु तरसेम का बेटा भवनप्रीत जानकारी देते हुए