लुधियाना: लुधियाना में नगर निगम के विकास कार्यों की तेज रफ्तार के बीच अब लापरवाही के मामले भी सामने आने लगे हैं। हंबड़ा रोड पर करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बनी नई सड़क को कुछ ही दिनों बाद फिर से तोड़ने की नौबत आ गई है। वजह बताई जा रही है कि यहां पानी की पाइपलाइन डालने का काम बाकी रह गया था।
इस मामले पर डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने सख्त रुख अपनाते हुए नगर निगम अधिकारियों पर नाराजगी जताई है। उन्होंने निगम कमिश्नर को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो। डीसी ने यह भी माना कि पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं।
2027 विधानसभा चुनाव से पहले सरकार द्वारा तेजी से विकास कार्य पूरे करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इस जल्दबाजी में कई खामियां उजागर हो रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बिना समन्वय के किए जा रहे कार्यों से जनता के टैक्स का पैसा और समय दोनों बर्बाद हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार सड़क तोड़ने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है और ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित होती है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर कितना सख्त कदम उठाता है।