"स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, दूध-पनीर-खोया की सैंपलिंग"

होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा): फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन पंजाब की कमिश्नर श्रीमती कंवलप्रीत कौर बराड़ (IAS) और डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर श्रीमती आशिका जैन (IAS) के निर्देशों तथा सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल जी के मार्गदर्शन में, डॉ. जतिंदर भाटिया (डिज़िग्नेटेड ऑफिसर-कम-जिला स्वास्थ्य अधिकारी) की देखरेख में फूड सेफ्टी अधिकारी विवेक कुमार द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत आज तड़के सुबह फूड सेफ्टी टीम द्वारा कॉलेज रोड फगवाड़ा के पास रेलवे फाटक तथा शाम चौरासी से जालंधर रोड पर विशेष नाका लगाकर दूध सप्लाई करने वाले वाहनों से 6 सैंपल लिए गए। इनमें 4 दूध के, 1 पनीर का और 1 खोए का सैंपल लेकर जांच हेतु फूड लैब खरड़ भेजे गए हैं।

रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी सैंपल में मानकों का उल्लंघन या मिलावट पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी खाद्य पदार्थ में किसी प्रकार की मिलावट न की जाए। जांच के दौरान यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

डीएचओ डॉ. जतिंदर भाटिया और फूड सेफ्टी अधिकारी विवेक कुमार ने सभी फूड बिजनेस ऑपरेटरों (FBOs) को FSSAI के तहत अनिवार्य पंजीकरण और लाइसेंसिंग का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।

सभी फूड बिजनेस ऑपरेटरों को सख्ती से निर्देश दिए गए हैं कि वे उचित स्वच्छता बनाए रखें और फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत निर्धारित मानकों का पालन करें। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि यदि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर कोई संदेह हो, तो इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग या फूड सेफ्टी अधिकारियों को दी जा सकती है।

विभाग द्वारा यह सुनिश्चित करने के लिए कि उपभोक्ताओं और आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिले, इस प्रकार की सख्त और नियमित जांच आगे भी जारी रखी जाएगी। इस मौके पर फूड सेफ्टी टीम के सदस्य राम लुभाया भी उपस्थित थे।