नारनाैल: राज्य सरकार की ओर से ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की पहल को रेखांकित करते हुए मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि गांव खातोदड़ा में स्थापित होने वाला नया स्वास्थ्य केंद्र आसपास के गांवों के हजारों लोगों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक उसके नजदीक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख न करना पड़े।
आरती सिंह राव ने बताया कि नए स्वास्थ्य केंद्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, सामान्य बीमारियों का उपचार, प्राथमिक जांच और आवश्यक दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को शुरुआती उपचार स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा और छोटे रोगों के लिए शहरों के अस्पतालों में जाने की जरूरत कम होगी। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार नए अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र और चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इससे क्षेत्र के लोगों को समय पर उपचार मिलेगा और आपात स्थिति में राहत भी तेजी से उपलब्ध हो सकेगी। ग्रामीणों ने भी सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।