चंडीगढ़: नगर निगम चंडीगढ़ के कमिश्नर अमित कुमार ने बुधवार को हल्लोमाजरा क्षेत्र का विस्तृत दौरा कर इलाके में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जलभराव, सीवरेज, सड़क और सार्वजनिक ढांचे से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे के दौरान उनके साथ नगर निगम के मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा , मनोनीत पार्षद नरेश पंचाल , सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, एसडीई, जेई और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने चंडीगढ़-अंबाला रोड के साथ स्थित निचले खाली भूखंड का भी दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को यूटी चंडीगढ़ के चीफ आर्किटेक्ट कार्यालय के साथ समन्वय कर कॉम्प्रिहेंसिव लैंड यूज प्लान (सीएलयूपी) तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्षद को प्रस्तावित सामुदायिक उपयोग को लेकर औपचारिक प्रस्ताव भेजने के लिए कहा गया। जलभराव रोकने के लिए अंतरिम ड्रेनेज व्यवस्था का भी आकलन करने के निर्देश दिए गए।
हल्लोमाजरा की गली नंबर-61 बी के निरीक्षण के दौरान अमित कुमार ने सीवरेज और बरसाती पानी की निकासी के लिए समग्र ड्रेनेज योजना तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसाती नालों में अवैध सीवरेज डिस्चार्ज की पहचान कर उसे मुख्य सीवरेज लाइन से जोड़ा जाए।
इसके अलावा शॉप नंबर-687 के पास सड़क निर्माण प्रस्ताव का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को लाल डोरा सीमा की जांच के बाद गली में पक्की सड़क बनाने की संभावना पर रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया।
दौरे के दौरान हल्लोमाजरा स्थित सरकारी स्कूल में भूमि की कमी का मुद्दा भी उठा। कमिश्नर ने अधिकारियों को पहले नगर निगम की उपलब्ध जमीन पर स्कूल विस्तार की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। यदि उपयुक्त भूमि उपलब्ध नहीं होती है, तो मामले को आगे विचार के लिए चंडीगढ़ प्रशासन को भेजा जाएगा।
एमसी कमिश्नर अमित कुमार ने कहा कि नगर निगम शहर में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके और जमीनी स्तर पर निगरानी के जरिए विकास कार्यों को गति दी जाएगी।