चंडीगढ़: चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग ने यात्रियों को बेहतर और आरामदायक सफर देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वीरवार को सीटीयू के बेड़े में 40 नई अत्याधुनिक बसों को शामिल किया गया, जिन्हें यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नई बसों के शामिल होने से अब चंडीगढ़ से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत सात राज्यों के लिए सफर और सुगम हो जाएगा। सीटीयू अधिकारियों के मुताबिक यात्रियों को अब कम किराए में वॉल्वो जैसी लग्जरी सुविधाओं का अनुभव मिलेगा।
इन बसों के साथ सीटीयू की लंबी दूरी की बसों की संख्या 167 से बढ़कर 207 हो गई है। इससे इंटरस्टेट कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में भी बड़ा सुधार माना जा रहा है।
सीटीयू का दावा है कि नई बसों के संचालन से विभाग की दैनिक परिचालन क्षमता में करीब 18 हजार किलोमीटर की बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा परिवहन विभाग को प्रतिदिन लगभग 6 लाख रुपये की अतिरिक्त आय होने का अनुमान है।
नई बसों में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सीटिंग व्यवस्था, बेहतर सस्पेंशन, आरामदायक इंटीरियर और लंबी दूरी के सफर के लिए उन्नत सुविधाएं दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन बसों के शुरू होने से निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी और यात्रियों को सुरक्षित व किफायती सफर का विकल्प मिलेगा।
चंडीगढ़ प्रशासन का मानना है कि सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में यह एक अहम कदम है, जिससे ट्राइसिटी समेत आसपास के राज्यों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।