"नाइट ड्यूटी पर जा रहे व्यक्ति की सतर्कता से टली वारदात"

ज़ीरकपुर: बलटाना स्थित सैनी विहार फेस-3 में देर रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना सनातन धर्म शिव मंदिर वाली गली की है, जहां दो संदिग्ध युवक एक मकान में घुसने का प्रयास करते हुए सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात दोनों युवक इलाके में संदिग्ध गतिविधियां करते और रेकी करते नजर आए। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी मकान नंबर 1026 की दीवार फांदकर अंदर घुस गए। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति नाइट ड्यूटी के लिए घर से बाहर निकला और हलचल की आवाज सुनकर उसने आसपास देखा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही व्यक्ति बाहर आया, दोनों युवक घबरा गए और तुरंत दीवार फांदकर मौके से फरार हो गए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उन्हें भनक न लगती तो बड़ी चोरी की वारदात हो सकती थी।
घटना की पूरी तस्वीर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दोनों युवक गली में घूमते और मकान के आसपास संदिग्ध गतिविधियां करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।

मोहल्लावासियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे असुरक्षा का माहौल बन रहा है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।