पंचकूला: नगर निगम चुनाव से पहले पंचकूला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-20 क्षेत्र से हिमाचल प्रदेश निवासी एक युवक को 505 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े सप्लायरों, ग्राहकों और अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार आगामी नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नशा मुक्त वातावरण में संपन्न करवाने के उद्देश्य से जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम को यह सफलता मिली।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 8 मई को क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 इंचार्ज मुकेश सैनी अपनी टीम के साथ सेक्टर-20 क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी निवासी पुष्प राज नामक युवक श्मशान घाट रोड स्थित पार्किंग क्षेत्र में भारी मात्रा में चरस सप्लाई करने के लिए मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिये के युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान पुष्प राज निवासी गांव फागंला, जिला मंडी (हिमाचल प्रदेश) के रूप में बताई।
तलाशी में मिली 505 ग्राम चरस
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 505 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-20 पंचकूला में एनडीपीएस एक्ट की धारा-20 के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह चरस हिमाचल प्रदेश के कुल्लू क्षेत्र से लेकर आया था और इसे पंचकूला, ढकोली, जीरकपुर तथा आसपास के इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
मुख्य सप्लायर की तलाश में पुलिस
जांच के दौरान आरोपी ने अपने मुख्य सप्लायर के बारे में भी अहम जानकारी दी है। पुलिस का कहना है कि मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए टीमों को रवाना कर दिया गया है। इसके अलावा पुलिस उन लोगों की भी पहचान कर रही है जो आरोपी के संपर्क में थे और नशे के कारोबार से जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है, ताकि चुनाव से पहले सक्रिय नशा तस्करी गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की जा सके।
“नशा तस्करों को किसी कीमत पर नहीं बख्शेंगे”
पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कहा कि चुनावी माहौल को प्रभावित करने वाले नशा तस्करों, अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।