"ब्लॉसम स्पा सेंटर पर पुलिस" का छापा, वीआईपी रोड पर मचा हड़कंप

जीरकपुर: शहर में गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में जीरकपुर पुलिस ने शुक्रवार देर शाम वीआईपी रोड स्थित ब्लॉसम स्पा सेंटर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। आरोप है कि स्पा सेंटर की आड़ में लंबे समय से देह व्यापार का अवैध धंधा संचालित किया जा रहा था।

सूत्रों के अनुसार पुलिस को पिछले कुछ समय से इस स्पा सेंटर के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से रेड की और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर के अंदर से चार युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस ने मौके से स्पा सेंटर की संचालक महिला और मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है, जबकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों के दौरान जीरकपुर शहर में तेजी से खुले होटलों और स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की शिकायतें बढ़ी हैं। इन घटनाओं के चलते शहर की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है और स्थानीय लोगों में असंतोष का माहौल बना हुआ था।

हालांकि बीते कुछ महीनों से जीरकपुर में तैनात पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में लगातार सख्ती बरती जा रही है। पुलिस ने कई होटलों और स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर अवैध धंधों में लिप्त लोगों पर कार्रवाई की है। इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्व गुप्त रूप से ऐसे धंधे चलाने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीरकपुर को अपराधमुक्त बनाने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और आने वाले दिनों में ऐसे स्थानों पर और सख्त निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी इस प्रकार की संदिग्ध गतिविधियां नजर आएं तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।