जीरकपुर: वी ई पी रोड स्थित फॉरएवर स्पा पर हुई पुलिस रेड के दौरान फरार हुआ आरोपी सोनू आखिरकार जीरकपुर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। करीब दो महीने से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी वीआईपी रोड इलाके में घूम रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस कर्मियों ने पीछा कर उसे काबू कर लिया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने काफी प्रयास किए, मगर पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार फॉरएवर स्पा पर हुई रेड के दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया था। उसी समय सोनू पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया था। तब से पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फरारी के दौरान वह किन लोगों के संपर्क में था और किन स्थानों पर छिपा रहा। मामले से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
जीरकपुर पुलिस ने कहा कि शहर में गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।