"सेक्टर-26 में ANTF की कार्रवाई के दौरान बवाल, तीन महिलाएं गिरफ्तार"

चंडीगढ़ (अजीत झा.): शहर के सेक्टर-26 में शुक्रवार शाम उस समय अफरातफरी मच गई जब ड्रग्स तस्कर को पकड़ने पहुंची एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम पर आरोपी के परिजनों ने हमला कर दिया। हंगामे और हाथापाई के बीच आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सड़क पर काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा और ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ।

मामले में पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर हमला करने और आरोपी को भगाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।

ड्रग्स डील की सूचना पर पहुंची थी टीम: पुलिस सूत्रों के अनुसार एएनटीएफ की टीम को सूचना मिली थी कि सेक्टर-26 बापूधाम कॉलोनी निवासी सुनील उर्फ नंदू टिंबर मार्केट इलाके में ड्रग्स सप्लाई करने आने वाला है। सूचना के आधार पर छह सदस्यीय पुलिस टीम ने सेक्टर-26 स्थित पेट्रोल पंप के पास जाल बिछाया।

शाम करीब पौने छह बजे आरोपी अपनी पत्नी के साथ स्कूटर पर मौके पर पहुंचा। पुलिस ने उसे काबू कर लिया और पूछताछ के लिए साथ ले जाने लगी। बताया जा रहा है कि पुलिस के पास आरोपी की कथित ड्रग्स डील से जुड़ी रिकॉर्डिंग भी मौजूद थी।

खालसा कॉलेज के पास बिगड़ा माहौल: जब एएनटीएफ टीम आरोपी को लेकर टिंबर मार्केट से खालसा कॉलेज की ओर पहुंची, तभी आरोपी के परिजन भी वहां पहुंच गए। परिवार के लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया और आरोपी को ले जाने से रोकने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते बहस ने विवाद का रूप ले लिया। महिलाओं ने पुलिस टीम के साथ हाथापाई शुरू कर दी, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हंगामे के दौरान आरोपी पुलिस की पकड़ से छूटकर फरार हो गया।स्थिति बिगड़ती देख पुलिस टीम ने कंट्रोल रूम को सूचना दी, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुका था।

सड़क पर लगा जाम, मची अफरातफरी: घटना के दौरान सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों के बीच काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। बाद में थाना पुलिस और पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

सूचना मिलने के बाद एसएसपी कंवरदीप कौर ने मामले में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। एएनटीएफ इंचार्ज इंस्पेक्टर हरमंदरजीत सिंह भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

तीन महिलाएं गिरफ्तार: पुलिस ने मामले में आरोपी की पत्नी ज्योति, भाभी रीना और रीना की बेटी शिल्पा को गिरफ्तार किया है। वहीं गर्भवती महिला नैना को मेडिकल जांच के बाद छोड़ दिया गया।

पुलिस ने आरोपी का स्कूटर भी कब्जे में ले लिया है और फरार सुनील उर्फ नंदू की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

परिवार ने पुलिस पर लगाए आरोप

दूसरी ओर आरोपी के परिवार ने पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। आरोपी के भाई शंकर का कहना है कि पुलिस ने परिवार की महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया। गर्भवती नैना ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की और थाने में भी गलत व्यवहार किया गया।हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इन आरोपों पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।

पहले भी दर्ज हैं मामले

पुलिस के मुताबिक सुनील उर्फ नंदू के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है। फिलहाल पुलिस टीम पर हमले और आरोपी को भगाने के मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।एसएसपी कंवरदीप कौर ने कहा कि पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।