जीरकपुर: होटल पिकस्सो की छत पर चल रही प्राइवेट पार्टी पर आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद होटल प्रबंधन मुश्किलों में घिर गया है। बिना अनुमति शराब परोसने के आरोप में होटल मालिक महीप वधावन और मैनेजर साहिल गुप्ता के खिलाफ पंजाब एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार 8 मई की रात आबकारी निरीक्षक गुरप्रीत सिंह अपनी टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि बालाजी एन्क्लेव स्थित होटल पिकासो की छत पर आयोजित प्राइवेट पार्टी में बिना लाइसेंस शराब परोसी जा रही है। सूचना मिलते ही आबकारी विभाग और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से होटल में छापा मारा।
रेड के दौरान छत पर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पार्टी करते और शराब का सेवन करते पाए गए। मौके पर मौजूद महीप वधावन ने खुद को होटल मालिक और साहिल गुप्ता ने मैनेजर बताया। जांच के दौरान दोनों कोई वैध शराब लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस के मुताबिक होटल काउंटर से कई विदेशी ब्रांड की खुली शराब की बोतलें बरामद की गईं। इनमें बॉम्बे सैफायर, जेमसन, ब्लैक लेबल, जैगरमिस्टर और एब्सोल्यूट वोडका जैसी शराब शामिल है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन से वीडियोग्राफी भी करवाई।
आबकारी निरीक्षक की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि एक्साइज नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।