"चुनाव में सुरक्षा के साथ सेवा, पंचकूला पुलिस का मानवीय चेहरा"

पंचकूला: नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न करवाने के साथ-साथ पंचकूला पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं का भी परिचय दिया। चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचे बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं और अन्य जरूरतमंद मतदाताओं की सहायता कर खाकी का संवेदनशील चेहरा पेश किया।

मतदान प्रक्रिया के दौरान पुलिस कर्मियों ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती से संभाला, बल्कि जरूरतमंद मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने, लाइन में सहयोग देने और मतदान प्रक्रिया को सुगम बनाने में भी अहम भूमिका निभाई।

जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर कई ऐसे दृश्य देखने को मिले, जहां पुलिस कर्मचारी बुजुर्ग मतदाताओं को सहारा देकर मतदान केंद्र तक ले जाते नजर आए। वहीं दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। महिला मतदाताओं और अन्य जरूरतमंद लोगों को भी हरसंभव सहायता प्रदान की गई, ताकि प्रत्येक मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

इस संबंध में एसीपी विक्रम नेहरा ने बताया कि पंचकूला पुलिस ने चुनाव ड्यूटी के दौरान केवल सुरक्षा व्यवस्था तक अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि पुलिस कर्मियों ने सामाजिक सेवा और मानवीय मूल्यों का भी परिचय दिया। उन्होंने कहा कि बूथों पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ बुजुर्गों, दिव्यांगों और जरूरतमंद मतदाताओं की सहायता कर लोकतंत्र के इस महापर्व में हर व्यक्ति की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया।