"डीन स्टूडेंट वेल्फेयर द्वारा गठित कमेटी ने वार्षिक समारोह के दौरान सभी हॉस्टलों का किया निरीक्षण, वार्डन डॉ. नवीन कुमार के नेतृत्व और हॉस्टल कमेटी के सामूहिक प्रयासों से मिली सफलता"

चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के डीन स्टूडेंट वेल्फेयर द्वारा वार्षिक समारोह के अवसर पर सभी हॉस्टलों में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, तैयारी तथा प्रस्तुति के निरीक्षण हेतु एक विशेष कमेटी का गठन किया गया था। कमेटी द्वारा किए गए विस्तृत निरीक्षण के उपरांत घोषित परिणामों में सरदार पटेल बॉयज हॉस्टल नं. 4 ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कमेटी ने विश्वविद्यालय के विभिन्न हॉस्टलों में भोजन की गुणवत्ता, रसोई व्यवस्था, स्वच्छता तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के आधार पर जारी परिणामों में बॉयज हॉस्टल नं. 4 को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया, जबकि द्वितीय स्थान हॉस्टल नं. 3 एवं तृतीय स्थान हॉस्टल नं. 2 को प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर बॉयज हॉस्टल नं. 4 के वार्डन डॉ. नवीन कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे हॉस्टल परिवार के सामूहिक सहयोग, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने हॉस्टल कमेटी, मेस प्रबंधन, कर्मचारियों एवं सभी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के बेहतर समन्वय और निरंतर प्रयासों के कारण ही हॉस्टल को यह सम्मान प्राप्त हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी बॉयज हॉस्टल नं. 4 इसी प्रकार उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।

हॉस्टल के जनरल सेक्रेटरी एवं ओवरऑल कोऑर्डिनेटर सरताज सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि डॉ. नवीन कुमार ने सदैव विद्यार्थियों के हितों, बेहतर व्यवस्थाओं, स्वच्छता तथा गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, जिसके परिणामस्वरूप आज हॉस्टल ने यह प्रतिष्ठित उपलब्धि प्राप्त की है।

उल्लेखनीय है कि डीन स्टूडेंट वेल्फेयर कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में बॉयज हॉस्टल नं. 4 को प्रथम स्थान प्रदान करते हुए पुरस्कार राशि की भी घोषणा की गई है और बॉयज हॉस्टल नं. 4 ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण, नेतृत्व तथा सामूहिक प्रयास से उत्कृष्टता प्राप्त की जा सकती है।