चंडीगढ़: शहर में नर्सरी कारोबार शुरू करने के इच्छुक लोगों के लिए नगर निगम ने बड़ा अवसर उपलब्ध कराया है। नगर निगम ने मौली जागरां गांव स्थित नर्सरी की 7 साइटों को मासिक किराये के आधार पर ई-नीलामी के जरिए आवंटित करने का फैसला लिया है।
नगर निगम के अनुसार यह ई-नीलामी “जैसी है वैसी” आधार पर आयोजित की जाएगी। इसके लिए निगम प्रशासन ने विस्तृत शेड्यूल और नियम-शर्तें जारी कर दी हैं।
नीलामी में शामिल साइटों का क्षेत्रफल करीब 2 कनाल से लेकर लगभग 6 कनाल तक है। इन साइटों के लिए न्यूनतम मासिक आरक्षित किराया 70 हजार रुपये से शुरू होकर 1.67 लाख रुपये तक तय किया गया है। वहीं ईएमडी राशि 35,500 रुपये से लेकर 84,500 रुपये तक निर्धारित की गई है।
नगर निगम के मुताबिक साइट नंबर-1 सबसे छोटी है, जिसका क्षेत्रफल 2.0565 कनाल है और इसका न्यूनतम मासिक किराया 70 हजार रुपये रखा गया है। जबकि साइट नंबर-7 सबसे बड़ी साइट है, जिसका क्षेत्रफल 5.9053 कनाल है और इसके लिए न्यूनतम मासिक किराया 1.67 लाख रुपये तय किया गया है।
निगम प्रशासन ने बताया कि ई-नीलामी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक आवेदक 16 मई तक दस्तावेज जमा करने और भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। दस्तावेजों की जांच और स्वीकृति 21 मई से 27 मई तक की जाएगी, जबकि ऑनलाइन बोली 29 मई को आयोजित होगी।
नगर निगम ने पात्रता, ईएमडी, साइट प्लान और अन्य नियमों की जानकारी के लिए ई-ऑक्शन पोर्टल पर विवरण उपलब्ध कराया है। इसके अलावा सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0172-5021521 भी जारी किया गया है।