फेडरेशन कप की तारीख तय, लुधियाना में होगा आयोजन

होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा): फेडरेशन कप बॉडी बिल्डिंग का 15वां संस्करण 12 और 13 जून 2026 को अंबेडकर भवन, लुधियाना में बड़े ही भव्य और विशाल स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इस दो दिवसीय महत्वपूर्ण खेल आयोजन में पंजाब सहित देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 400 बॉडी बिल्डर, अधिकारी एवं खेल प्रेमी भाग लेंगे।

पूर्व सांसद एवं चीफ पैट्ररन पैरा ओलंपिक गेम्स के श्री अविनाश राय खन्ना जी ने कहा कि युवाओं को अधिक से अधिक खेलों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि आज का युवा स्वस्थ और मजबूत होगा तो देश भी मजबूत और प्रगतिशील बनेगा।

विश्व चैंपियन एवं मिस्टर यूनिवर्स बॉडी बिल्डिंग पद्मश्री प्रेम चंद डेगरा जी ने बताया कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य बॉडी बिल्डिंग तथा अन्य खेलों को प्रोत्साहित करना, युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच प्रदान करना तथा खेल भावना के माध्यम से आपसी भाईचारे को मजबूत करना है।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस फेडरेशन कप में भाग लेने वाले पंजाब के खिलाड़ियों का चयन 17 मई 2026, दिन रविवार को ऑरा जिम, सेक्टर-32, चंडीगढ़ रोड, लुधियाना में किया जाएगा। उन्होंने खेल प्रेमियों और इच्छुक खिलाड़ियों से अपील की कि वे 17 मई को पहुंचकर अपना चयन सुनिश्चित करें।

डॉ. मुहम्मद जमील वाली जी ने कहा कि खेलों का सबसे बड़ा उद्देश्य युवाओं को नशों से दूर रखना है। उन्होंने कहा कि जो युवा खेलों में भाग लेते हैं, वे हमेशा स्वस्थ रहते हैं और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहते हैं।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं तथा खिलाड़ियों और मेहमानों के लिए उच्च स्तर के प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
इस अवसर पर मदन लाल महाजन, इकबाल सिंह, ईशान सूद, सन्नी कलसी आदि उपस्थित थे।