चंडीगढ़ में झपटमारी केस सुलझा, आरोपी गिरफ्तार

चंडीगढ़ (अजीत झा, ): मनीमाजरा थाना पुलिस ने झपटमारी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई पोस्ट ऑफिस की पासबुक भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार यह मामला एफआईआर नंबर 51 दिनांक 09 मई 2026 के तहत बीएनएस की धारा 304 और 317(2) के अंतर्गत दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता जॉयदेव मन्ना निवासी मनीमाजरा ने पुलिस को बताया कि 8 मई की दोपहर करीब 3:50 बजे उन्होंने अपने 15 वर्षीय बेटे पंकज मन्ना को 2500 रुपये नकद और पोस्ट ऑफिस पासबुक जमा करवाने के लिए मनीमाजरा स्थित एमएचसी पोस्ट ऑफिस भेजा था।

पोस्ट ऑफिस में दोपहर 2 बजे के बाद पैसे जमा न होने के कारण पंकज वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने समय पूछने के बहाने उसके पास आकर जेब से नकदी और पासबुक वाला लिफाफा झपट लिया और मौके से फरार हो गया।

मामला दर्ज होते ही पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सुरेश बहादुर निवासी ठाकुरद्वारा मंदिर, मनीमाजरा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई पोस्ट ऑफिस पासबुक बरामद कर ली है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी सुरेश बहादुर 8वीं पास है और मजदूरी का काम करता है। उसका अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।